बीबीएन,बीकानेर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर बीकानेर स्थित उनके स्मारक स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में संगठन से जुड़े पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्मारक परिसर की साफ-सफाई कर प्रतिमा स्थल को व्यवस्थित किया। नेतृत्वकर्ताओं ने स्वयं श्रमदान करते हुए कहा कि दीनदयाल उपाध्याय का जीवन सेवा, समर्पण और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने और सेवा कार्यों में निरंतर भागीदारी निभाने का आह्वान किया। मंडल स्तर के पदाधिकारियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने भी पूरे उत्साह के साथ अभियान में हिस्सा लिया। सभी ने सामूहिक रूप से श्रद्धासुमन अर्पित कर समाजहित में कार्य करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और समाजसेवा के नारों के साथ हुआ, जहां उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सेवा-भाव को जनआंदोलन का रूप देने की आवश्यकता पर बल दिया।

