बीबीएन,बीकानेर। जिला पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय तस्करी के एक प्रयास को विफल कर दिया। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने एक ट्रक से 10 किलो 700 ग्राम अफीम और 5 किलो डोडा पोस्त बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 35 से 40 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई बीकानेर रेंज की विशेष टीम और श्रीगंगानगर जिले के राजियासर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से की। प्राथमिक जांच में मामला अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़ा सामने आ रहा है।
भारतमाला एक्सप्रेसवे पर नाकाबंदी में पकड़ा गया ट्रक
जानकारी के अनुसार पुलिस को नशे की तस्करी की सूचना मिलने के बाद राजियासर थाना क्षेत्र में भारतमाला एक्सप्रेसवे पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान लकड़ी की पल्ली से भरा एक संदिग्ध ट्रक रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक के भीतर छिपाकर रखे गए मादक पदार्थ बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने मौके से सुरेंद्र कुमार (30) और शिवकुमार (55), निवासी जिला सिरसा, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया।
तस्करी के बड़े नेटवर्क की तलाश में पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद मादक पदार्थों की खेप किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और किस स्थान तक पहुंचाई जानी थी। जांच एजेंसियां अब इस पूरे मामले में जुड़े अन्य लोगों और संभावित गिरोह की कड़ियों को तलाशने में जुटी हैं।
विशेष अभियान के तहत की गई कार्रवाई
बीकानेर रेंज में इन दिनों अवैध मादक पदार्थों, हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कदम आगे भी जारी रहेंगे।



