बीबीएन,बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर स्थित प्रमुख बींछवाल एवं करणी औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ने वाली लिंक रोड पर स्थित रेलवे फाटक अब क्षेत्र के औद्योगिक विकास में बड़ी बाधा बनकर उभरा है। इस फाटक के दिनभर में 40-45 बार बंद होने से न केवल मालवाहक वाहनों का लंबा जाम लगता है, बल्कि राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्य कर रही सैकड़ों औद्योगिक इकाइयों के निर्यात-आयात प्रक्रिया में भी अनावश्यक देरी हो रही है। इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए बीकानेर जिला उद्योग संघ एवं स्थानीय उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने एक प्रतिनिधिमंडल लेकर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल से मुलाकात कर ओवरब्रिज/पुल निर्माण की तत्काल मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, रीको लिमिटेड के क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेंद्र प्रसाद शर्मा, जेडआरयूसीसी सदस्य नरेश मित्तल एवं संयोजक राजीव शर्मा ने मंडल रेल प्रबंधक के समक्ष विस्तार से समस्या रखी। उन्होंने बताया कि यह फाटक प्रतिदिन औसतन 15-20 मिनट के लिए बंद रहता है और कई बार मालगाड़ी की शंटिंग के कारण यह अवधि आधे घंटे तक भी पहुंच जाती है। इससे लाखों टन तैयार माल बाहर भेजने और कच्चा माल आने में बाधा उत्पन्न हो रही है, जिसका सीधा असर उद्योगों की दक्षता और लागत पर पड़ रहा है। साथ ही, इसी मार्ग पर स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रतिनिधिमंडल ने इस बात पर जोर दिया कि करणी औद्योगिक क्षेत्र के तीसरे फेज का विस्तार हो रहा है, जहां बड़ी राष्ट्रीय स्तर की इकाइयां स्थापित होने जा रही हैं। ऐसे में इस बुनियादी ढांचागत समस्या का समाधान क्षेत्र के आर्थिक भविष्य के लिए अत्यंत जरूरी है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने उद्योगपतियों की चिंता को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि समस्या की गहनता को समझते हुए शीघ्र ही उक्त स्थल पर फिजिबिलिटी जांच (व्यवहार्यता अध्ययन) कराई जाएगी और संभव समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले संभागीय आयुक्त कार्यालय एवं रीको लिमिटेड ने भी रेल प्रशासन को इस मामले में पत्राचार कर कार्यवाही का अनुरोध किया था।


