बीबीएन,बीकानेर। शहर में पुलिस प्रशासन ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में कोटगेट थाना पुलिस ने रानी बाजार क्षेत्र के प्रसिद्ध ‘गूगल स्पा सेंटर’ पर रेड मारी। पुलिस की इस दबिश से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जांच के दौरान पुलिस ने केंद्र से चार महिलाओं और एक पुरुष मैनेजर को आपत्तिजनक स्थिति और संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया है।
लंबे समय से मिल रही थी शिकायत
कोटगेट थानाधिकारी धीरेंद्रसिंह शेखावत ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिरों और स्थानीय सूत्रों से लगातार सूचना मिल रही थी कि गूगल स्पा सेंटर में मसाज की आड़ में अनैतिक कार्य किए जा रहे हैं। इन शिकायतों की पुष्टि के बाद पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई और स्पा सेंटर का औचक निरीक्षण किया गया।
अलग-अलग राज्यों से जुड़ी हैं गिरफ्तार महिलाएं
पकड़ी गई चारों महिलाएं अलग-अलग क्षेत्रों और राज्यों की निवासी बताई जा रही हैं, जो यहां स्पा सेंटर में काम करने के बहाने अनैतिक कार्यों में संलिप्त थीं। पुलिस ने महिलाओं के साथ-साथ स्पा सेंटर के मैनेजर को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस रैकेट के तार और कहां-कहां जुड़े हुए हैं और क्या इसमें कोई बड़ा गिरोह शामिल है।
सख्त हिदायत और कानूनी कार्रवाई
थानाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शहर में किसी भी सूरत में स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने अन्य स्पा संचालकों को भी कड़ी चेतावनी दी है कि यदि किसी भी स्थान पर नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



