बीबीएन,बीकानेर। आध्यात्मिक-सामाजिक संगठन श्री कृष्ण योग पीठ के जिला पदाधिकारियों, तहसील एवं ब्लॉक संयोजकों का शपथ ग्रहण एवं विस्तृत बैठक समारोह बीकानेर स्थित होटल राज महल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक, सामाजिक और आध्यात्मिक क्षेत्र से जुड़े विशिष्ट व्यक्तित्वों की उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि के रूप में एसीबी के डीआईजी भुवन भूषण यादव ने नवगठित टीम को संगठन के उद्देश्यों, सामाजिक उपयोगिता और सकारात्मक जनसहभागिता को समझते हुए सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने जीवन में संतुलन, नैतिकता और आध्यात्मिक चिंतन की आवश्यकता पर बल देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और गीता के संदेशों को व्यवहारिक जीवन से जोड़ने की बात कही। संगठन से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारियों ने वर्तमान तनावपूर्ण सामाजिक परिवेश में आंतरिक शांति, कर्तव्यनिष्ठा और सामूहिक प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया।
बैठक की अध्यक्षता सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं राष्ट्रीय सह-संयोजक डी. आर. यादव ने की। उन्होंने संगठन की गतिविधियों को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाने, स्थानीय स्तर पर सहभागिता बढ़ाने तथा ब्लॉक और ग्राम स्तर तक संरचना विकसित करने का आह्वान किया। उनके अनुसार आध्यात्मिक मूल्यों पर आधारित सामाजिक जागरूकता ही दीर्घकालिक सकारात्मक परिवर्तन का आधार बन सकती है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर गीता ज्ञान के सार, कर्तव्य और आत्मअनुशासन के सिद्धांतों को रेखांकित करते हुए सभी सहभागियों का आभार व्यक्त किया गया। संचालन कमलेश पुरोहित ने किया।

