बीबीएन, नेटवर्क। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के सनसनीखेज आरोप में भारतीय नौसेना के एक जवान को उत्तर प्रदेश एटीएस ने आगरा से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदर्श कुमार उर्फ लकी के रूप में हुई है, जो केरल के कोच्चि स्थित दक्षिणी नौसेना कमान में तैनात था। एटीएस का दावा है कि आरोपी लंबे समय से आईएसआई के संपर्क में था और सामरिक महत्व की सूचनाएं तथा युद्धपोतों की तस्वीरें पाकिस्तानी हैंडलर को भेज रहा था। अदालत में पेशी के बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
लंबे समय से एजेंसियों की निगरानी में था
जांच एजेंसियों के अनुसार आदर्श कुमार काफी समय से एटीएस के रडार पर था। बताया जा रहा है कि वह नौसेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां और कुछ युद्धपोतों की तस्वीरें अपने पाकिस्तानी हैंडलर तक पहुंचा चुका था। जांच में यह भी सामने आया है कि इन सूचनाओं के बदले उसके बैंक खाते में पैसे भेजे गए थे। संदिग्ध लेन-देन की पुष्टि होने के बाद एटीएस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
शादी के बाद हनीमून मनाकर लौटा था
जानकारी के अनुसार आरोपी हाल ही में छुट्टी लेकर अपने गांव आया था। उसकी 19 फरवरी को शादी हुई थी और इसके बाद वह हनीमून मनाने के लिए दुबई गया था। दो दिन पहले लौटने के बाद एटीएस ने पुख्ता सबूत जुटाकर उसे आगरा से गिरफ्तार कर लिया।
सात वर्ष पहले नौसेना में हुआ था भर्ती
गांव चीतपुर निवासी आदर्श कुमार लगभग सात वर्ष पहले भारतीय नौसेना में भर्ती हुआ था। उसने अकोला के एसजी स्कूल से 12वीं पास करने के बाद नौसेना में भर्ती की तैयारी शुरू की थी। गांव के लोगों के अनुसार वह सामान्य परिवार से आता है, लेकिन उसके खर्च को लेकर पहले भी चर्चा होती रहती थी।
परिवार ने चुप्पी साधी
गिरफ्तारी की खबर फैलते ही गांव में हलचल मच गई। परिवार के लोग इस मामले पर खुलकर कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। उनका कहना है कि आदर्श को गलत तरीके से फंसाया गया है। पत्रकार जब जानकारी लेने उसके घर पहुंचे तो परिजनों ने दरवाजे बंद कर लिए और कोई बयान देने से इनकार कर दिया।
पिता करते हैं शराब की ठेकेदारी
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी के पिता बलबीर सिंह शराब की ठेकेदारी का काम करते हैं। आदर्श कुमार अपने परिवार में सबसे छोटा है और उसकी तीन बहनें हैं। गांव के लोगों के लिए यह घटना हैरान करने वाली बताई जा रही है।
पहले भी सामने आ चुके हैं जासूसी के मामले
गौरतलब है कि पिछले वर्ष मार्च में फिरोजाबाद की ऑर्डिनेंस फैक्टरी के एक चार्जमैन को भी एटीएस ने जासूसी के आरोप में आगरा से गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से आईएसआई से जुड़े हैंडलर को संवेदनशील जानकारी भेज रहा था। फिलहाल इस मामले में सुरक्षा एजेंसियां आरोपी के संपर्कों और संभावित नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं।



