बीबीएन,बीकानेर,12 अगस्त। बीएसएफ की इंटेलिजेंस ब्रांच की गोपनीय सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ चलाए गए संयुक्त सर्च अभियान में 1.665 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 8 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, बीएसएफ बीकानेर की इंटेलिजेंस ब्रांच को मिली विशेष सूचना के आधार पर क्षेत्रीय मुख्यालय बीकानेर के उपमहानिरीक्षक अजय लूथरा, जोधपुर इंटेलिजेंस ब्रांच के उपमहानिरीक्षक धनंजय मिश्रा, 96वीं वाहिनी के कमांडेंट अभिमन्यु झा और बीकानेर इंटेलिजेंस ब्रांच के उपसमादेश महेश चंद जाट के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
ऑपरेशन के दौरान स्थानीय पुलिस खाजूवाला के सहयोग से ग्राम 21 बीडी में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस तलाशी में 1.665 किलो मादक पदार्थ (हेरोइन) बरामद हुआ। अधिकारियों के अनुसार, यह हेरोइन तस्करी नेटवर्क के लिए बड़ी खेप मानी जा रही है और इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी मांग है।

