बीबीएन,बीकानेर। जूनागढ़ नगर स्थित गुरु गोविंद सिंह बस्ती में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में एक विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किया गया। समारोह में स्थानीय निवासियों, महिलाओं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान बालक-बालिकाओं ने पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत किए तथा ऐतिहासिक शख्सियत हाड़ी रानी के जीवन चरित्र पर आधारित एक नृत्य नाटिका का मंचन किया।
महंत विलासनाथ ने समाज और सामूहिकता के महत्व पर आशीर्वचन दिए। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका सुनीता गुलाटी ने परिवार, वेशभूषा और भाषा की भूमिका पर अपने विचार रखे। मुख्य वक्ता के रूप में आरएसएस के महानगर कार्यवाह उमेश व्यास ने संघ की शताब्दी तक की यात्रा और ‘पंच परिवर्तन’ के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से इन मूल्यों को व्यक्तिगत जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले सभी बच्चों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सामुदायिक एकता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया।


