
पश्चिमी सीमा पर तैयारियों की समीक्षा के लिए बीकानेर पहुंचे जनरल द्विवेदी
बीबीएन,बीकानेर, 3 अक्टूबर। थलसेना अध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी शुक्रवार को बीकानेर पहुंचे, जहां उन्होंने आर्मी कैंट में शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ अहम बैठक की।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में पश्चिमी सीमा की मौजूदा सुरक्षा स्थिति, सामरिक तैयारियों और आगामी सैन्य अभ्यासों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की जा रही है।
जनरल द्विवेदी के दौरे को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कैंट एरिया में सेना की निगरानी व्यवस्था और शहर के प्रमुख मार्गों पर पुलिस का विशेष बंदोबस्त किया गया है। स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। सेना सूत्रों का कहना है कि यह बैठक सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है, खासकर सीमावर्ती इलाकों में बदलते हालात को ध्यान में रखते हुए।
घड़साना सीमावर्ती क्षेत्र का दौरा करेंगे
थलसेना अध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी शुक्रवार को श्रीगंगानगर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र घड़साना का दौरा करेंगे। उनके आगमन से पहले ही सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, जनरल द्विवेदी इस दौरे के दौरान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सेना अधिकारियों और जवानों को सम्मानित करेंगे। यह अभियान हाल ही में सेना की बड़ी सफलता के रूप में सामने आया था, जिसने सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा तंत्र को और मजबूत किया है।
थलसेना अध्यक्ष का यह दौरा न केवल सेना के मनोबल को नई ऊर्जा देगा बल्कि पश्चिमी सीमा पर सैन्य तैयारियों की समीक्षा के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। जनरल द्विवेदी सीमावर्ती चौकियों का निरीक्षण कर मौजूदा परिस्थितियों की जानकारी लेंगे और अधिकारियों के साथ रणनीतिक चर्चा करेंगे।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी अलर्ट मोड पर हैं। कैंट और मुख्य मार्गों पर विशेष बंदोबस्त किए गए हैं, जबकि आस-पास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है।
—