बीबीएन, नेटवर्क, 22 अगस्त। जम्मू-कश्मीर के आरएस पुरा सेक्टर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने एक कबूतर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। इस कबूतर के पंख से एक पर्ची बंधी हुई थी, जिसमें ‘IED’ और ‘जम्मू रेलवे स्टेशन’ का उल्लेख दर्ज था। बीएसएफ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत इसे जम्मू-कश्मीर पुलिस को सौंप दिया।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने कबूतर और उसके साथ बरामद पर्ची को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर यह माना जा रहा है कि यह किसी साजिश का हिस्सा हो सकता है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि संदेश में दर्ज शब्दों और इसके पीछे छिपी संभावित मंशा की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इस संदेश के जरिए कौन-सा इशारा दिया गया है और इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है।
जांच पूरी होने के बाद ही तस्वीर साफ होगी। सुरक्षा एजेंसियां मामले को अत्यधिक संवेदनशील मानकर आगे की कार्रवाई कर रही हैं।
—


