बीबीएन, नेटवर्क, 30 अगस्त। भारत–पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने एक बार फिर पाकिस्तान की ओर से हो रही नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी की साजिश को नाकाम कर दिया है। बीएसएफ की खुफिया शाखा से मिले इनपुट के आधार पर पंजाब के अमृतसर और फाजिल्का जिलों में चलाए गए कई अभियानों में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया, जबकि बड़ी मात्रा में हेरोइन, एक ड्रोन और हथियार बरामद किए गए।
अमृतसर के अटारी गांव के पास गश्त कर रहे जवानों ने संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त एक व्यक्ति को पकड़कर पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया। इसी क्षेत्र में बीएसएफ और एएनटीएफ अमृतसर की संयुक्त कार्रवाई में एक तस्कर बाइक और 563 ग्राम हेरोइन सहित दबोचा गया।
इसी दौरान हरदोरा गांव के खेतों से 1.127 किलोग्राम हेरोइन के दो पैकेट बरामद हुए। वहीं, फाजिल्का जिले के छिंबे वाला गांव में तलाशी अभियान के दौरान जवानों ने एक डीजेआई मैविक-3 क्लासिक ड्रोन और 620 ग्राम हेरोइन जब्त की। इसके अतिरिक्त अमृतसर के हवेलियां गांव के खेतों से एक पिस्तौल और मैगजीन भी मिली।
बीएसएफ प्रवक्ता ने कहा कि ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी की कोशिशें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सतर्क जवान इन प्रयासों को नाकाम कर देश की सीमाओं को सुरक्षित रख रहे हैं।
—


