बीबीएन, नेटवर्क,13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस से महज 48 घंटे पहले उत्तरी कश्मीर के उरी सेक्टर में भारतीय सेना ने आतंकवादियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर देश की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया। नियंत्रण रेखा पर चौकसी कर रहे जवानों ने घुसपैठ की कोशिश को न सिर्फ विफल किया बल्कि एक आतंकी को ढेर कर दिया।
अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को जम्मू-कश्मीर के बारामूला ज़िले के उरी सेक्टर स्थित चुरुंडा इलाके में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास आतंकियों ने घुसपैठ की कोशिश की। सतर्क सैनिकों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस कोशिश को विफल कर दिया। मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया, जबकि इलाके में गोलीबारी का सिलसिला जारी है।
सेना ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान तेज कर दिया है ताकि किसी और आतंकी के छिपे होने की संभावना को खत्म किया जा सके। रक्षा सूत्रों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले आतंकियों द्वारा अशांति फैलाने की साजिश लगातार नाकाम की जा रही है।
—

