बीबीएन,बीकानेर,27 अगस्त। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की इंटेलीजेंस ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। अभियान के दौरान लगभग 13 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन बरामद की गई, जबकि दो तस्करों को मौके से हिरासत में लिया गया।
बीएसएफ को पहले से खुफिया जानकारी मिली थी कि पाकिस्तान से मादक पदार्थों की खेप भारतीय सीमा में भेजी जानी है। इसी सूचना के आधार पर बीएसएफ और पुलिस की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में रावला थाना क्षेत्र के ग्राम 1 के वाई डी स्थित सुखवंत सिंह के मकान पर छापा मारा गया। यहां से 2.700 किलो हेरोइन बरामद की गई। छापेमारी के दौरान पंजाब के फाजिल्का निवासी लवप्रीत सिंह उर्फ लाब सिंह और स्थानीय निवासी सूखचैन सिंह को गिरफ्तार किया गया।
बीएसएफ की इंटेलीजेंस ब्रांच पहले भी सीमा पार से आने वाले ऐसे कई प्रयासों को नाकाम कर चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि नशे की इस तस्करी को रोकने के लिए सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और सख़्त की जाएगी। उप कमांडेंट महेश चंद जाट लगातार गांवों में युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का अभियान भी चला रहे हैं। इस कार्रवाई में निरीक्षक कमलेश कुमार सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।
—

