बीकानेर में शुरू हुई स्व. कुशाल चंद व्यास स्मृति शतरंज प्रतियोगिता

बीबीएन,बीकानेर, 19 जून। बेसिक पीजी कॉलेज में गुरुवार से शुरू हुई स्व. कुशाल चंद व्यास स्मृति द्वितीय जिला स्तरीय इनामी शतरंज प्रतियोगिता में पहले दिन 224 खिलाड़ियों ने भाग लिया। उद्घाटन महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित और आईजी ओम प्रकाश ने किया।
कुलपति दीक्षित ने कहा कि शतरंज मानसिक विकास का खेल है, वहीं आईजी ने युवाओं की भागीदारी को सकारात्मक संकेत बताया। आयोजन प्रभारी शिवकुमार व्यास ने बताया कि अंडर-14, अंडर-19, सीनियर और महिला वर्ग में मुकाबले हो रहे हैं। पहले दिन 45 खिलाड़ी संयुक्त बढ़त पर रहे।
अंडर-19 में मधुर स्वामी, हर्षवर्धन, रोहित आचार्य, उदय शेट्टी और रविकांत मारू ने दो-दो अंक बनाए। महिला वर्ग में प्रिया सांखला, अनन्या, युक्ति, रेनू, अवंतिका, गुनगुन और सोनम ने भी दो-दो अंक अर्जित किए।
प्रतियोगिता संचालन में बीडी हर्ष, भानू आचार्य, शिव शंकर बोहरा सहित अन्य ने सहयोग किया। एडवोकेट अजय व्यास ने पुरस्कारों की जानकारी दी और स्व. कुशाल चंद व्यास को याद किया। शुक्रवार को मुकाबले सुबह 8:30 बजे से जारी रहेंगे।