दीपावली मेले में आज नन्हे मॉडल्स का जलवा, 2 बजे से रोटरी भवन में होगा बेबी फैशन शो
बीबीएन,बीकानेर, 17 अक्टूबर |दीपोत्सव दीपावली मेला आज मासूम मुस्कानों और रंगीन अदाओं से झिलमिलाने वाला है। रोटरी भवन पंचशती सर्किल में दोपहर 2 बजे से शुरू होने वाले बेबी फैशन शो में शहर के नन्हे मॉडल्स अपने आत्मविश्वास, स्टाइल और मुस्कान से मंच को रौशन करेंगे।
आयोजक समिति के अनुसार, यह प्रतियोगिता दीपोत्सव का सबसे आकर्षक और जीवंत आयोजन बनने जा रही है। 1 वर्ष से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे इसमें भाग लेंगे। प्रतियोगिता को दो वर्गों में विभाजित किया गया है । जूनियर (1 से 4 वर्ष) और सीनियर (5 से 10 वर्ष)। बालक एवं बालिका श्रेणियों में अलग-अलग विजेताओं का चयन होगा। चारों वर्गों से मास्टर और मिस विजेता घोषित किए जाएंगे, जबकि उपविजेताओं को प्रोत्साहन पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण दोपहर 1:30 बजे तक खुले रहेंगे और किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा रहा है। बच्चों को अपने अभिभावकों के साथ उपस्थित होकर प्रविष्टि करवानी होगी। तीन जज प्रतिभागियों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और प्रस्तुति का मूल्यांकन करेंगे तथा परिणाम स्थल पर ही घोषित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रोटरी रीजनल चेयरमैन 3053 निशिता सुराणा तथा सह प्रांतपाल भारती गहलोत शामिल होंगी। वहीं, विशिष्ट अतिथियों में गोमा देवी चैरिटेबल ट्रस्ट के निदेशक सुनील चमड़िया, एमएमटीसी केशव गोल्ड के पीयूष सोनी, एनएस प्रूडेंट सर्विसेज के निदेशक राजेश पारीक, श्रीनाथ फाइनेंस सॉल्यूशन के मुरली पवार, जॉनी सर, जगदीश सर और शांतनु सर शामिल रहेंगे। दीपोत्सव के इस रंगारंग आयोजन में बच्चों की मासूम मुस्कानें और रैंप पर कदमताल करती उनकी आत्मविश्वासी चालें न सिर्फ़ दर्शकों को आनंदित करेंगी, बल्कि दीपावली के उल्लास में एक नई रोशनी भर देंगी।
—




