बीबीएन,बीकानेर। संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल परिसर में भामाशाह सींगी परिवार द्वारा निर्मित 25 वातानुकूलित कृष्णा कॉटेज का उद्घाटन 14 फरवरी, शुक्रवार को सुबह 11:15 बजे होगा। ये कॉटेज प्रसूति विभाग में भर्ती माताओं की असुविधा को दूर करने के लिए विशेष रूप से बनाए गए हैं, जहाँ प्रतिदिन 70 से 80 प्रसव होते हैं। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, राज्य के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर सहित कई गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है।
इस परियोजना का निर्माण बीकानेर जिला उद्योग संघ की प्रेरणा से सींगी परिवार के पूर्वजों चेतनदास, द्वारकादास एवं दाऊलाल सींगी की स्मृति में कराया गया है। कॉटेज परिसर में एक ऑफिस रूम, स्टोर रूम, गार्ड रूम, नर्सिंग स्टेशन और रिसेप्शन जैसी सभी आवश्यक सुविधाएँ भी शामिल हैं। परियोजना की तैयारियों को लेकर शनिवार को PBM अधीक्षक बी सी घीया, उप अधीक्षक गौरीशंकर जोशी एवं जितेंद्र आचार्य के साथ जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया की बैठक भी हुई थी।
पचीसिया के अनुसार, अस्पताल के प्रसूति विभाग में मरीज़ भारी संख्या में आते हैं, लेकिन परिवारों के ठहरने की पर्याप्त सुविधा न होने से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए सींगी परिवार ने इस सामाजिक पहल को अंजाम दिया है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक सिद्धि बाईसा, विधायक जेठानंद व्यास, जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि और अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के अध्यक्ष संदीप काबरा की भी उपस्थिति रहेगी।


