बीबीएन, नेटवर्क। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) ने मंगलवार को वैश्विक निवेश फर्म एल कैटरटन के हल्दीराम स्नैक्स फूड प्राइवेट लिमिटेड में हिस्सेदारी खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी। यह सौदा एल कैटरटन इंडिया फंड द्वारा हल्दीराम स्नैक्स फूड की कुछ शेयरहोल्डिंग के अधिग्रहण से संबंधित है। एल कैटरटन इंडिया फंड, एल कैटरटन इंडिया ट्रस्ट की एक योजना है, जो भारत में निवेश करने वाला सेबी-पंजीकृत अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट फंड है।
गौरतलब है कि दिसंबर 2025 में ही एल कैटरटन ने हल्दीराम के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की थी और देश के अग्रणी स्नैक्स व फूड ब्रांड में हिस्सेदारी हासिल करने की बात कही थी। हल्दीराम स्नैक्स फूड देश की एक प्रमुख कंपनी है जो पैकेज्ड फूड उत्पादों जैसे नमकीन, मिठाई, रेडी-टू-ईट फूड, डेयरी उत्पाद, बेकरी उत्पाद, चॉकलेट और नॉन-कार्बोनेटेड पेय के निर्माण और बिक्री में संलग्न है।
एल कैटरटन की भारतीय टीम का नेतृत्व हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) के पूर्व CEO और प्रबंध निदेशक संजीव मेहता कर रहे हैं, जो फर्म के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन हैं। वैश्विक स्तर पर पैकेज्ड फूड क्षेत्र में ब्रांड निर्माण का एल कैटरटन का व्यापक अनुभव माना जाता है। इससे पहले वर्ष 2025 में ही हल्दीराम ने तीन अन्य रणनीतिक निवेशकों – सिंगापुर की टेमासेक, अल्फा वेव ग्लोबल और इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (IHC) को भी हिस्सेदारी बेची थी।
बता दें कि एक निश्चित सीमा से अधिक मूल्य के सौदों के लिए CCI से मंजूरी लेना अनिवार्य होता है। यह आयोग बाजार में गलत व्यावसायिक प्रथाओं पर नजर रखता है और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का काम करता है। हल्दीराम स्नैक्स फूड की स्थापना अप्रैल 2025 में दिल्ली स्थित हल्दीराम स्नैक्स और नागपुर स्थित हल्दीराम फूड्स इंटरनेशनल के पैकेज्ड स्नैक्स व्यवसाय के विलय के बाद हुई थी।


