बीबीएन, नेटवर्क। भारतीय सेना में अग्निवीर और नियमित कैडर सैनिक के रूप में शामिल होने के इच्छुक युवाओं के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। भर्ती वर्ष 2027 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 01 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। सेना ने विशेष रूप से राजस्थान के युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर देश की सेवा का अवसर प्राप्त करें। इच्छुक अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
रक्षा जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार सेना में भर्ती के लिए विभिन्न श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें अग्निवीर सामान्य ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर लिपिक या स्टोर कीपर तकनीकी, अग्निवीर ट्रेडसमैन (दसवीं पास) और अग्निवीर ट्रेडसमैन (आठवीं पास) शामिल हैं। इसके अलावा जूनियर कमीशन अधिकारी तथा अन्य रैंकों के लिए धार्मिक शिक्षक, हवलदार शिक्षा, सिपाही फार्मा और सैनिक तकनीकी (नर्सिंग असिस्टेंट तथा नर्सिंग असिस्टेंट वेटनरी) जैसे पदों के लिए भी आवेदन किए जा सकते हैं।
महिला अभ्यर्थियों के लिए भी सेना में प्रवेश का अवसर उपलब्ध है। महिला उम्मीदवार अग्निवीर सामान्य ड्यूटी (महिला सेना पुलिस) श्रेणी के अंतर्गत आवेदन कर सकती हैं। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से देशभर के योग्य युवाओं को भारतीय सेना का हिस्सा बनने का अवसर दिया जा रहा है। भारतीय सेना ने स्पष्ट किया है कि सभी आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in� पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंजीकरण करना होगा। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, आयु और अन्य पात्रता संबंधी शर्तों का ध्यान रखना आवश्यक है। रक्षा जनसंपर्क अधिकारी के निखिल धवन अनुसार सेना में भर्ती केवल रोजगार का अवसर नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा का दायित्व भी है। युवाओं से अपेक्षा की गई है कि वे समय रहते आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाएं और देश की सुरक्षा में योगदान देने की दिशा में पहला कदम बढ़ाएं।
यदि किसी अभ्यर्थी को आवेदन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी या सहायता की आवश्यकता हो तो वे अपने निकटतम सेना भर्ती कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। भर्ती कार्यालयों के पते और संपर्क विवरण भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए हैं।



