बीबीएन, बीकानेर। एक अप्रैल से शुरू हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के साथ राजस्थान में शिक्षा व्यवस्था में कई अहम बदलाव लागू कर दिए गए हैं। शिक्षा विभाग द्वारा जारी नए कैलेंडर के अनुसार इस बार पूरे सत्र में 121 दिन की छुट्टियां रहेंगी, जिनमें 52 रविवार और 69 अन्य सरकारी अवकाश शामिल हैं, जबकि कुल 244 दिन स्कूल संचालित होंगे। कैलेंडर के अनुसार जुलाई में सबसे अधिक 27 दिन स्कूल खुलेंगे, जबकि जून में केवल 7 दिन ही कक्षाएं चलेंगी और नवंबर में भी स्कूल मात्र 14 दिन ही संचालित होंगे।
नए शैक्षणिक सत्र में सबसे बड़ा बदलाव गर्मी और सर्दी की छुट्टियों के साथ-साथ स्कूलों की कार्यप्रणाली को लेकर किया गया है। इस बार गर्मी की छुट्टियां 17 मई से 20 जून तक रहेंगी और 21 जून को रविवार होने के कारण स्कूल 22 जून से पुनः खुलेंगे, जबकि पहले स्कूल 1 जुलाई से खुलते थे। वहीं सर्दी की छुट्टियां 1 जनवरी से 10 जनवरी 2027 तक निर्धारित की गई हैं। दीपावली अवकाश को बढ़ाकर 4 नवंबर से 15 नवंबर तक, यानी कुल 11 दिन का कर दिया गया है।
शिक्षा विभाग ने स्कूलों में होने वाले आयोजनों को लेकर भी बड़ा निर्णय लिया है। अब जयंती या विशेष दिवसों पर होने वाले कार्यक्रम प्रार्थना सभा या पहले पीरियड तक ही सीमित रहेंगे, इसके बाद पूरे दिन नियमित कक्षाएं संचालित होंगी। इस फैसले से पढ़ाई के समय में वृद्धि होने की उम्मीद जताई जा रही है।
परीक्षा प्रणाली में भी बदलाव करते हुए प्रथम टेस्ट 13 मई से 15 मई तक आयोजित किए जाएंगे, जबकि वार्षिक परीक्षाएं मार्च में ही पूर्ण कर ली जाएंगी और 25 मार्च तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। इसके अलावा प्रिंसिपल को अपने स्तर पर छुट्टी देने के अधिकार को घटाकर दो दिन से एक दिन कर दिया गया है। 7 मई को रविंद्रनाथ टैगोर जयंती को स्पेशल डे के रूप में मनाया जाएगा और कक्षा 9वीं से 12वीं तक के प्रवेश 11 जुलाई तक ही किए जा सकेंगे।
कैलेंडर में 28 मई को वीर सावरकर जयंती और ईद का अवकाश भी शामिल है, लेकिन यह अवधि गर्मी की छुट्टियों में ही समाहित रहेगी। कुल मिलाकर नए शैक्षणिक कैलेंडर में पढ़ाई के दिनों को बढ़ाने और अनावश्यक व्यवधानों को कम करने पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



