बीबीएन,बीकानेर। पुष्करणा स्टेडियम में बीकानेर सांस्कृतिक मंच द्वारा आयोजित ब्रह्मनाद कार्यक्रम में भारतीय नववर्ष के अवसर पर हजारों लोगों की उपस्थिति के बीच भारतीय संस्कृति का भव्य प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में भगवान विष्णु के दशावतार का जीवंत मंचन, शास्त्रीय नृत्य, भजन गायन, सूर्य नमस्कार और नगाड़ा वादन जैसे विविध प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विक्रम संवत् की महत्ता को जन-जन तक पहुंचाना रहा, जिसमें आयोजक सफल नजर आए।
कार्यक्रम की शुरुआत शंखनाद के साथ हुई, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके बाद दुर्गा सप्तशती के पाठ और सरस्वती वंदना के माध्यम से भक्ति भाव का संचार किया गया। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में शास्त्रीय नृत्य, भजन और पारंपरिक लोकनृत्य शामिल रहे, जिन्हें दर्शकों ने उत्साह के साथ सराहा।
नगाड़ा वादन और ओंकार ध्वनि के साथ सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम ने विशेष आकर्षण पैदा किया। वहीं, कत्थक नृत्य और कालबेलिया प्रस्तुति ने भारतीय कला की विविधता को मंच पर जीवंत रूप दिया। भजन गायन के दौरान पूरा स्टेडियम भक्तिमय माहौल में डूब गया और दर्शक भजनों की लय पर झूमते नजर आए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान विष्णु के दशावतार का नाट्य मंचन रहा, जिसमें मत्स्य से लेकर कल्कि अवतार तक की प्रस्तुति दी गई। मंच पर नृसिंह द्वारा हिरण्यकश्यप वध, राम द्वारा रावण वध और कृष्ण द्वारा कंस वध जैसे प्रसंगों का सजीव चित्रण किया गया। भगवान बुद्ध के ज्ञान उपदेश का दृश्य भी दर्शकों के लिए विशेष रहा। इस प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को श्रद्धा और आस्था से भर दिया समापन के अवसर पर सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का अंत आरती और आतिशबाजी के साथ हुआ, जिससे पूरा स्टेडियम रोशनी और उल्लास से भर गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और प्रशासनिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया गया और अंत में सभी सहयोगियों एवं प्रायोजकों का आभार व्यक्त किया गया।



