बीबीएन,बीकानेर। पत्रकार वेलफेयर सोसायटी की ओर से शहर के हरि हेरिटेज में होली स्नेह मिलन एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े 21 पत्रकारों का सम्मान किया गया, जिनमें पांच महिला पत्रकार भी शामिल रहीं। समारोह में श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, पूर्व मंत्री डॉ बी.डी. कल्ला, वेटरनरी विश्वविद्यालय के कुलपति सुमन्त व्यास तथा राजस्थानी फिल्मों के निर्माता-निर्देशक अरविन्द व्यास ने पत्रकारों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बदलते समय में पत्रकारिता की बढ़ती जिम्मेदारियों, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका और निष्पक्ष पत्रकारिता की आवश्यकता पर विस्तार से विचार व्यक्त किए।
पत्रकारिता सामाजिक जिम्मेदारी का माध्यम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ताराचंद सारस्वत ने कहा कि समय के साथ हर क्षेत्र में चुनौतियां बढ़ी हैं और पत्रकारिता भी इससे अछूती नहीं है। पत्रकारों के सामने बढ़ती जिम्मेदारियों के साथ नई चुनौतियां भी सामने आती हैं, जिन्हें अवसर में बदलना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना प्रसारित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने यह भी कहा कि देश की स्वतंत्रता के आंदोलन से लेकर वर्तमान दौर तक पत्रकारों ने समाज के सजग प्रहरी के रूप में कार्य किया है और सकारात्मक परिवर्तन में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
लोकतंत्र में मीडिया चौथा स्तंभ
पूर्व मंत्री बी.डी. कल्ला ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारिता को चौथे स्तंभ के रूप में मान्यता मिली है। इसलिए प्रत्येक पत्रकार को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए ऐसी लेखनी का उपयोग करना चाहिए, जो समाज को सही दिशा प्रदान करे। उन्होंने बीकानेर की पत्रकारिता परंपरा को उल्लेखनीय बताते हुए कहा कि यहां की पत्रकारिता पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत रही है।
समाज की जागरूकता में मीडिया की भूमिका
वेटरनरी विश्वविद्यालय के कुलपति सुमन्त व्यास ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया समाज को जागरूक करने और दिशा देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के बीच संवाद और विश्वास बढ़ाने वाले ऐसे आयोजन सकारात्मक सहयोग को मजबूत करते हैं। साथ ही उन्होंने पत्रकारों को पीत पत्रकारिता से दूर रहते हुए जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता करने की आवश्यकता पर बल दिया।
वरिष्ठ पत्रकारों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में श्याम मारू, भवानी जोशी, अनुराग हर्ष और अरविन्द व्यास ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप तथा वर्तमान समय में मीडिया के सामने उपस्थित चुनौतियों पर अपने विचार रखे। वरिष्ठ पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवा पत्रकारों को निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में सोसायटी के अध्यक्ष जयनारायण बिस्सा ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की। आभार सचिव उमाशंकर आचार्य ने व्यक्त किया, जबकि संचालन राजा सांखी ने किया।
इन पत्रकारों का हुआ सम्मान
समारोह में सुनील बरूआ, संजय पारीक, कुलदीप चारण, आनंद आचार्य, लक्ष्मीनारायण शर्मा, रोशन बाफना, आनंद जोशी, नारायण मत्तड़, राजेश छंगाणी, निखिल स्वामी, महेन्द्र मेहरा, विनोद जोशी, नरेश मारू, गिरिराज भादाणी, अजीम भुट्टा और मनोज व्यास को सम्मानित किया गया। महिला पत्रकारों में उषा जोशी, मुदिता पोपली, सुनीता भोजक, पूजा मोहता और सुमेस्ता विश्नोई का भी सम्मान किया गया।
फाल्गुनी गीतों से सजा माहौल
कार्यक्रम के अंत में गायक राहुल जोशी ने फाल्गुनी गीत प्रस्तुत किए, जिनसे समारोह का वातावरण उत्साह और रंगों की उमंग से भर उठा।



