बीबीएन,बीकानेर। दिव्यांग बच्चों की शिक्षा और देखभाल में कोई कसर न छोड़ने के संकल्प के साथ स्थानीय भामाशाहों ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (बघिर) को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए हैं। बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष व प्रेरक द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने विद्यालय को गीजर, प्लास्टिक कुर्सियां, विज्ञान प्रयोगशाला के लिए टेबल, कक्षाओं के पर्दे और बर्तन आदि का दान दिया है। इससे पहले भी उनकी पहल पर विद्यालय परिसर में बच्चों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए थे।
द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि दिव्यांग बच्चों में ईश्वर ने विशेष गुण भरे होते हैं और उनकी सेवा व सहायता करना हमारा मानवीय कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में पढ़ने वाले दिव्यांग बच्चों को सर्दियों में गर्म पानी से नहाने की सुविधा मिल सके, इस उद्देश्य से गीजर दान में दिए गए हैं।
विद्यालय की वरिष्ठ अध्यापिका सुनीता गुलाटी ने बताया कि संस्थान में वर्तमान में 60 दिव्यांग बच्चे अध्ययनरत हैं। जिला उद्योग संघ द्वारा उपलब्ध कराई गई इस सामग्री से बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा होगी और एक सुरक्षित व अनुकूल माहौल मिलेगा। उन्होंने इस सामाजिक सहयोग की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या रेणु वर्मा, नरेश मित्तल, लूणकरण सेठिया, अरविंद रांका, विनोद जोशी, योगेश सेठिया, उमेद सिंह राजपूत, रेणुका स्वामी, प्रेमलता श्रीमाली, इंद्रा मोदी, रोहित आचार्य, मुकेश आढ़ा और आशुराम सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



