बीबीएन,बीकानेर । शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एडिटर एसोसिएशन ऑफ न्यूज पोर्टल्स, बीकानेर ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘जिला स्तरीय विद्यार्थी प्रतिभा सम्मान 2026’ कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया। सोमवार शाम भालचंद गणेश मंदिर परिसर (किराडू बगेची) में आयोजित समारोह में कोतवाली थानाधिकारी सविता डाल, ज्योतिषाचार्य राजेन्द्र किराडू और बेसिक पीजी कॉलेज के प्रिंसिपल सुरेश पुरोहित ने संयुक्त रूप से पोस्टर का लोकार्पण किया। कार्यक्रम के तहत कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है तथा आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है।
प्रतिभा को पहचान देने का प्रयास
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति उसके प्रतिभाशाली युवाओं पर निर्भर करती है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है। एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज व्यास ने बताया कि सम्मान समारोह का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को पुरस्कार देना नहीं, बल्कि उनकी उपलब्धियों को समाज के सामने लाकर अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का वातावरण तैयार करना है।
आवेदन प्रक्रिया शुरू, ये विद्यार्थी होंगे पात्र
पूर्व अध्यक्ष आनंद आचार्य के अनुसार, कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी सम्मान के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म प्राप्त करने के लिए 9831446506, 9950613613, 8209394051 एवं 8696352873 पर संपर्क किया जा सकता है।
बेसिक पीजी कॉलेज से भी आवेदन फॉर्म उपलब्ध हैं। योगेश खत्री ने बताया कि आवेदन फॉर्म जमा कराने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 है। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है।
कार्यक्रम में उमेश पुरोहित, विनय थानवी, दिलीप गुप्ता, योगेश खत्री, राहुल मारवाह, सतवीर विश्नोई, प्रकाश सामसुखा, दाऊलाल कल्ला, विमल देवड़ा, मूलचंद रामावत, देवकीनंदन व्यास सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





