बीबीएन,बीकानेर। रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स ने नए रोटरी सत्र 2026-27 की शुरुआत सेवा गतिविधियों के साथ फेलोशिप को नई दिशा देने वाले बड़े फैसले से की है। क्लब ने ‘रॉयल्स लाइफ म्यूजिकल क्लब’ की स्थापना की घोषणा करते हुए प्रत्येक माह की अंतिम बैठक को संगीत, जन्मदिन उत्सव और आपसी संवाद का मंच बनाने का निर्णय लिया है। पहली संगीतमय संध्या में सदस्यों ने गीत-संगीत के जरिए यादगार माहौल बनाया, वहीं क्लब ने भविष्य में ‘रॉयल्स स्पोर्ट्स क्लब’ शुरू करने की भी घोषणा की। साथ ही संगीत प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए आवश्यक संसाधन विकसित करने और उन्हें सामाजिक उपयोग से जोड़ने की योजना भी सामने रखी गई।
नए सत्र में फेलोशिप को मिलेगी नई पहचान
सहायक प्रांतपाल रोटे. आनंद आचार्य की प्रेरणा तथा अध्यक्ष रोटे. विपिन लड्ढा के नेतृत्व में शुरू किए गए इस नए प्रयास का उद्देश्य क्लब के सदस्यों के बीच आत्मीयता, संवाद और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करना है। क्लब की मासिक अंतिम बैठक अब केवल औपचारिक आयोजन नहीं होगी, बल्कि संगीत, जन्मदिन समारोह और पारिवारिक सहभागिता का विशेष अवसर बनेगी।
पहली संगीत संध्या ने बांधा समां
उद्घाटन कार्यक्रम में रोटे. राजेश पारीक ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को संगीतमय बना दिया। इसके बाद डॉ. पुनीत खत्री और डॉ. प्रवीण चतुर्वेदी सहित कई सदस्यों ने लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर सभी का भरपूर मनोरंजन किया। डॉ. शिशिर शर्मा, रोटे. राजेश धूड़िया, डॉ. मनोज संवाल, रोटे. सचिन शर्मा, डॉ. संदीप खरे और डॉ. अरुण पुरोहित ने भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
संगीत प्रतिभाओं को मिलेगा स्थायी मंच
पूर्व सहप्रांतपाल रोटे. राजेश बावेजा ने बताया कि क्लब के लिए आधुनिक संगीत एवं तकनीकी संसाधन विकसित किए जा रहे हैं। भविष्य में इनका उपयोग केवल क्लब गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं के प्रशिक्षण, सांस्कृतिक आयोजनों और मंचीय प्रस्तुतियों के लिए भी किया जाएगा, जिससे स्थानीय संगीत प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
जल्द शुरू होगा ‘रॉयल्स स्पोर्ट्स क्लब’
अध्यक्ष रोटे. विपिन लड्ढा ने घोषणा की कि सदस्यों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जल्द ही ‘रॉयल्स स्पोर्ट्स क्लब’ का गठन किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक माह खेल गतिविधियों का आयोजन कर पूरे रॉयल्स परिवार को एक मंच पर जोड़ा जाएगा।
पूर्व अध्यक्षों ने किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान क्लब के चार्टर अध्यक्ष डॉ. मनोज कुड़ी सहित सभी पूर्व अध्यक्षों ने पिछले सत्र के अध्यक्ष रोटे. सुनील चमड़िया को उनके सफल कार्यकाल के लिए अनुशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके बाद सदस्यों ने सामूहिक भोज और आपसी संवाद के बीच नए सत्र की शुरुआत का उत्सव मनाया।
सेवा के साथ संस्कृति और सामाजिक जुड़ाव पर रहेगा फोकस
क्लब ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में सेवा परियोजनाओं के साथ संगीत, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और फेलोशिप को समान महत्व दिया जाएगा, ताकि सदस्य सामाजिक सरोकारों के साथ मजबूत पारिवारिक और मानवीय संबंध भी विकसित कर सकें।






