बीबीएन, नेटवर्क| धुंध ओर कोहरे का दौर शुरू होते ही दुश्मन ने अपनी नापाक हरकतों को अंजाम देना शुरू कर दिया है। इसका सीधा असर भारत–पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा, खासकर जैसलमेर, बाड़मेर और श्रीगंगानगर के सरहदी इलाकों में दिख रहा है, जहां बीएसएफ ने चौकसी और गश्त और अधिक बढ़ा दी है। इसी कड़ी में बाड़मेर सेक्टर में तारबंदी पार कर घुसे एक पाकिस्तानी नागरिक को स्थानीय ग्रामीण की सतर्कता से पकड़ा गया, जिसे बाद में BSF के हवाले किया गया।
🔶 तारबंदी लांघकर भारतीय सीमा में दाखिल हुआ युवक
सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान के मिठी जिले (तहसील छाछरो) के नवातला गांव का रहने वाला 25 वर्षीय हिंदल पुत्र वर्षो भील रात के समय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में पहुंच गया। बताया गया कि युवक एक पशु बाड़े में छिपा बैठा था, तभी स्थानीय ग्रामीण जेठाराम की नजर उस पर पड़ गई। ग्रामीण ने साहस दिखाते हुए युवक को वहीं दबोच लिया और तुरंत BSF को सूचना दी।
🔶 प्रारंभिक पूछताछ के बाद मामले की कमान पुलिस व खुफिया एजेंसियों के हाथ
BSF ने प्राथमिक पूछताछ पूरी कर युवक को सेड़वा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस उसे बाड़मेर जिला मुख्यालय लेकर जा रही है, जहां IB, MI, और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम गहन पूछताछ करेगी। अब तक ऐसी कोई सामग्री हथियार, संदिग्ध वस्तु या दस्तावेज उसके पास से बरामद नहीं हुई है।
🔶 घटनास्थल पर अलर्ट, उद्देश्य की जांच जारी
अधिकारियों के अनुसार, युवक ने अपनी पहचान सही बताई, लेकिन वह किस रास्ते से आया, किसके कहने पर आया और उद्देश्य क्या था, इन सभी पहलुओं पर विस्तृत जांच की जा रही है। लाल किला ब्लास्ट के बाद इस घटना को सुरक्षा एजेंसियां बेहद गंभीरता से ले रही हैं। सीमा पर निगरानी, मोबाइल पेट्रोलिंग और निगरानी उपकरणों की मॉनिटरिंग और सख्त कर दी गई है।



