🟢 सप्त शक्ति कमान का सेवा-संकल्प:
बीबीएन, नेटवर्क। आर्मी डे 2026 के उपलक्ष्य में सप्त शक्ति कमान ने बुधवार को मिलिट्री हॉस्पिटल जयपुर में भव्य रक्तदान शिविर आयोजित किया। ‘डोनेट ब्लड, सैल्यूट द नेशन’ थीम के तहत हुए इस आयोजन का उद्देश्य गंभीर बीमारियों और आपातकालीन चिकित्सा जरूरतों के लिए सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराना था। शिविर में सैन्यकर्मियों से लेकर नागरिक समाज और NCC कैडेट तक बड़ी संख्या में लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम का उद्घाटन आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान मानवता की जीवनरेखा है और इसका प्रत्येक यूनिट किसी पीड़ित मरीज के जीवन में नई ऊर्जा भरता है। जनरल सिंह ने सभी दाताओं को धन्यवाद देते हुए इसे सैन्य–नागरिक सहयोग का प्रेरक उदाहरण बताया।
इस अभियान को अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद और एसएमएस अस्पताल, जयपुर का महत्वपूर्ण सहयोग मिला, जिससे पूरे कार्यक्रम को संगठित व सुचारु रूप में संचालित किया जा सका।
शिविर में कुल 572 दाताओं जिनमें सैन्यकर्मी, नागरिक सहयोगी और एनसीसी ग्रुप मुख्यालय के कैडेट शामिल रहे । इन लोगो ने रक्तदान कर राष्ट्रीय सेवा में अपना योगदान दिया। प्रतिभागियों ने संकल्प जताया कि इस मानवीय कार्य को आगे भी जारी रखेंगे और जरूरतमंदों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में सहयोग देंगे।
—



