बीबीएन, बीकानेर। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी (आरएमआरएस) की 60वीं बैठक में पीबीएम अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ बनाने, अत्याधुनिक उपकरणों की खरीद, क्यू-मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने, कैंसर रोगियों के लिए पेट स्कैन जांच को संस्थान के भीतर उपलब्ध कराने तथा मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के अंतर्गत क्लेम रिजेक्शन कम करने जैसे कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने की, जिसमें अस्पताल के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की गई।
बैठक में पूर्व निर्णयों की स्थिति पर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया और चल रही परियोजनाओं की जानकारी साझा की गई। चिकित्सा अधोसंरचना को आधुनिक बनाने के उद्देश्य से स्पेक्ट्रा ऑप्टिया एफेरेसिस मशीन, ब्लड कंपोनेंट एनालाइजर, माइक्रोपॉइंट एनालाइजर, पूर्ण स्वचालित कोएगुलेशन एनालाइजर तथा पोर्टेबल एक्स-रे मशीन सहित कई महत्वपूर्ण उपकरणों की खरीद को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही न्यूरोसर्जिकल ओटी टेबल, क्रेनियोटॉमी सेट, उच्च क्षमता सक्शन मशीन और बायडोम लाइट जैसी विशिष्ट सर्जिकल सामग्री के अधिग्रहण को भी मंजूरी मिली।
रोगियों की सुविधा बढ़ाने के लिए क्यू-मैनेजमेंट सिस्टम, नेटवर्किंग ढांचे के सुदृढ़ीकरण, स्कैनर, टोकन मशीन और लेजर प्रिंटर के उन्नयन पर भी निर्णय लिया गया। कैंसर उपचार व्यवस्था को सुलभ बनाने हेतु पेट स्कैन जांच को अस्पताल परिसर में ही उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जिससे मरीजों को बाहरी संस्थानों पर निर्भरता कम हो सके।
अध्यक्ष ने आरएमआरएस के लिए कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी फंडिंग प्राप्त करने की दिशा में देवस्थान विभाग में पंजीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के अंतर्गत बेहतर कार्य करने वाले विभाग को सम्मानित करने की घोषणा की गई तथा क्लेम अस्वीकृति दर घटाने के लिए विभागाध्यक्षों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। इस प्रक्रिया में आवश्यकता पड़ने पर आउटसोर्स सेवाओं पर भी विचार किया गया।
बैठक के दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग को स्वीकृत बजट के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए और लंबित निविदा प्रक्रियाओं से संबंधित कानूनी अड़चनों को रोकने हेतु वित्तीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया बैठक में मेडिकल कॉलेज और पीबीएम अस्पताल से जुड़े वरिष्ठ चिकित्सक, प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रभारी उपस्थित रहे।

