बीबीएन, बीकानेर | वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और स्वास्थ्य जागरूकता को समर्पित एक व्यापक कार्यक्रम रविवार को बीकानेर में आयोजित किया गया। लोकराग फाउंडेशन, रोटरी रॉयल्स, गोमादेवी चैरिटेबल ट्रस्ट एवं अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहम्मद आरिफ की संयुक्त पहल से रोटरी क्लब सभागार में वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह एवं जोड़ रोग जागरूकता शिविर का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के दौरान 160 से अधिक बुजुर्गों की निःशुल्क बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) जांच की गई, वहीं 100 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया।
तीन स्तरों पर की गई बीएमडी जांच में अधिकांश रिपोर्ट्स संतोषजनक पाई गईं। विशेषज्ञों ने जांच के आधार पर बुजुर्गों को हड्डियों के स्वास्थ्य, पोषण, नियमित व्यायाम और जीवनशैली सुधार को लेकर परामर्श दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल जांच तक सीमित न रहकर, बुजुर्गों को आत्मनिर्भर, सक्रिय और जागरूक जीवन के लिए प्रेरित करना रहा।
सम्मान समारोह में वरिष्ठ नागरिकों को शॉल और सम्मान पत्र प्रदान कर उनके सामाजिक योगदान को नमन किया गया। कार्यक्रम में सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के अधीक्षक डॉ. संजीव बुरी, रोटरी रॉयल्स एवं गोमादेवी चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील चमड़िया सहित शिक्षा, समाजसेवा और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
घुटना प्रत्यारोपण अब सुरक्षित और प्रभावी: डॉ. मोहम्मद आरिफ
जोड़ रोग जागरूकता सत्र में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहम्मद आरिफ ने घुटना प्रत्यारोपण को लेकर समाज में फैली आशंकाओं पर वैज्ञानिक दृष्टिकोण रखा। उन्होंने बताया कि आधुनिक न्यूनतम इनवेसिव तकनीक, उन्नत इम्प्लांट्स और बेहतर सर्जिकल प्रक्रियाओं के चलते आज घुटना प्रत्यारोपण पहले की तुलना में कहीं अधिक सुरक्षित, कम दर्द वाला और शीघ्र रिकवरी वाला हो गया है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समय पर जांच, दवा, फिजियोथेरेपी और जीवनशैली में सुधार से कई मामलों में सर्जरी की आवश्यकता टाली जा सकती है। कार्यक्रम का संचालन लोकराग फाउंडेशन के निदेशक आनंद आचार्य ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन योगेश खत्री ने किया। बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, चिकित्सक, रोटेरियन सदस्य एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि हड्डी एवं जोड़ स्वास्थ्य के प्रति समाज में जागरूकता का मजबूत संदेश भी देकर गया।



