बीबीएन,बीकानेर: राजस्थान का बीकानेर इस वर्ष चैत्र नवरात्रि के अवसर पर एक भव्य और बहुआयामी धार्मिक आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है। 19 मार्च से 29 मार्च तक गंगाशहर रोड स्थित अग्रवाल भवन परिसर में 11 दिवसीय विराट कथा यज्ञ महोत्सव आयोजित होगा, जिसमें देवी भागवत कथा, 9 कुंडीय महायज्ञ, दिव्य साधना शिविर, भजन संध्या और विशाल नि:शुल्क भोजन प्रसादी जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे। आयोजन में देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार इस धार्मिक महोत्सव का आयोजन तमिलनाडु स्थित विश्व विख्यात कृष्णगिरी पार्श्व पद्मावती शक्तिपीठ से जुड़े आध्यात्मिक मार्गदर्शन में किया जा रहा है। कार्यक्रम में काशी से आए विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विशेष यज्ञ अनुष्ठान भी संपन्न होंगे।
आयोजन से जुड़े संकेश जैन के अनुसार कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशेष साधना शिविर आयोजित होगा। इस शिविर में श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक साधना से जुड़ी विधियों का मार्गदर्शन दिया जाएगा। दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक वैदिक परंपरा के अनुसार 9 कुंडीय विशाल यज्ञ होगा, जिसमें हजारों किलो मेवा, देशी घी और चंदन की लकड़ियों का उपयोग किया जाएगा। यज्ञ में काशी से आए विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया जाएगा।
देवी भागवत कथा और भजन संध्या
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से देवी भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा, जो लगातार 11 दिनों तक चलेगी। इसके अलावा हर दिन रात साढ़े दस बजे से विभिन्न संगीतकारों और कलाकारों द्वारा भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें भक्ति संगीत की प्रस्तुति होगी।
500 दिव्य समृद्धि कलशों का विशेष विधान
कार्यक्रम के दौरान विशेष धार्मिक अनुष्ठान के तहत 500 हस्तनिर्मित समृद्धि कलश स्थापित किए जाएंगे। इन कलशों में 351 दुर्लभ और पूजनीय वस्तुएं सम्मिलित होने की जानकारी दी गई है। वैदिक विधि से इनका पूजन और सिद्धि विधान किया जाएगा।
35 से 45 फीट ऊंचे अस्थायी मंदिर बनेंगे आकर्षण
महोत्सव परिसर में कई विशाल मंदिरों का निर्माण किया जाएगा, जिनकी ऊंचाई लगभग 35 से 45 फीट तक होगी। इनमें गणपति, भैरव, शिव-पार्वती, लक्ष्मीनारायण, दुर्गा, सरस्वती, हनुमान, करणी माता, राम परिवार सहित अनेक देवताओं के मंदिर शामिल होंगे। आयोजकों का दावा है कि इस तरह की भव्य मंदिर संरचनाएं नवरात्रि के दौरान बीकानेर में विशेष आकर्षण बनेंगी।
श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क भोजन प्रसादी
महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक विशाल नि:शुल्क भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की गई है। आयोजन में प्रवेश सभी के लिए नि:शुल्क रखा गया है।



