
बीबीएन,बीकानेर, 24 अगस्त। दाऊजी रोड स्थित श्री आदि गणेश मंदिर में रविवार को भगवान गणपति को वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ 1008 मोदकों का भोग अर्पित किया गया। इस अवसर पर पंडित विजय श्रीमाली और जितेंद्र श्रीमाली ने मंत्रोचारण कर विधिविधानपूर्वक पूजा सम्पन्न कराई।
श्री आदि गणेश भक्त मंडल के प्रवक्ता मदन गोपाल व्यास ने बताया कि 25 अगस्त को दोपहर 2 से 3 बजे तक गणेशजी और षोडशमातृकाओं की पूजा यज्ञ के यजमानों द्वारा कराई जाएगी। इसके बाद 3.30 से 6 बजे तक “गणेश-लक्ष्मी स्तोत्र” के 11 हजार पाठ का गायन नगाड़ों की थाप के बीच सामूहिक रूप से होगा। आचार्य पंडित राजेन्द्र किराडू इस अनुष्ठान का संचालन करेंगे।
व्यास ने बताया कि 26 अगस्त को सुबह 9.30 बजे यज्ञ का पूजन होगा। इसके तहत तीन मुख्य आयोजन होंगे—पहला, एक लाख गणपति मूल मंत्रों से दुर्वा अर्चन; दूसरा, 108 अथर्वशीर्ष से मोदकार्चन; और तीसरा, पंडित राजेन्द्र किराडू के आचार्यत्व में महायज्ञ।
गणेश चतुर्थी पर 27 अगस्त को प्रातः 4.30 बजे से अभिषेक-पूजन आरंभ होगा। इसके बाद जन्मोत्सव आरती दोपहर 12 बजे संपन्न होगी। इस अवसर पर भगवान गणेश को 2151 किलोग्राम प्रसाद का भोग अर्पित किया जाएगा। रात्रिकालीन जागरण में भक्त मंडल के अशोक बांठिया, राजेन्द्र व्यास, मनोज के बिस्सा, रामसा व्यास और सोमदत्त पुरोहित सहित अन्य कलाकार भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।