
बीबीएन,बीकानेर, 31 जुलाई । अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति, राजस्थान का 13वां राज्य सम्मेलन बीकानेर में विधिवत् रूप से कल शुरू होगा। तीन दिवसीय यह आयोजन 1 से 3 अगस्त तक चलेगा, जिसमें महिला अधिकारों, सामाजिक न्याय और मौजूदा सरकार की नीतियों के खिलाफ व्यापक चर्चा की जाएगी। सम्मेलन की शुरुआत एक जन चेतना रैली से होगी, जो स्टेशन रोड से जिला कलक्ट्रेट तक निकाली जाएगी।
पत्रकारों से बातचीत में आयोजन संयोजिका डॉ. सीमा जैन ने बताया कि सम्मेलन में माइक्रो फाइनेंस कर्ज में फंसी महिलाओं की कर्ज माफी, मनरेगा के समुचित क्रियान्वयन, नागरिक सुविधाओं की बहाली, स्मार्ट मीटर के खिलाफ जनभावनाएं, दलितों और अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों, बेरोजगारी, महिला हिंसा और नशाखोरी जैसे ज्वलंत विषयों पर प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। एकल महिलाओं की समस्याओं और कामकाजी महिलाओं के अधिकारों पर भी गंभीर मंथन होगा।
सम्मेलन के दौरान चार विषयों पर कमीशन पेपर प्रस्तुत किए जाएंगे, वहीं आगामी तीन वर्षों की आंदोलनात्मक योजनाओं के साथ नई कार्यकारिणी का भी गठन किया जाएगा।
इस मौके पर संगठन की राष्ट्रीय महासचिव मरियम धवले ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि देश इस समय एक तानाशाही संकट के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों की आलोचना करने वालों को ‘राष्ट्रविरोधी’ करार दिया जा रहा है। संविधान और लोकतंत्र की रक्षा आज देश की धर्मनिरपेक्ष और प्रगतिशील जनता के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन चुकी है।
धवले ने आरोप लगाया कि महिलाओं पर अत्याचार चरम पर हैं, आए दिन गैंगरेप की घटनाएं सामने आ रही हैं, और भाजपा नेता महिलाओं को लेकर अशोभनीय टिप्पणियां कर रहे हैं। महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार पूरी तरह विफल है और देश की संपत्ति चुनिंदा पूंजीपतियों को सौंपने में जुटी है।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा-आरएसएस की विचारधारा एक संकीर्ण हिंदुत्व पहचान को गढ़ने की कोशिश कर रही है, जिसमें महिलाओं के अधिकारों को हाशिये पर डाला जा रहा है। आदिवासी समुदायों और स्थानीय परंपराओं को खत्म कर एकरूपी धार्मिक संस्कृति थोपी जा रही है।
धवले ने सरकार की शिक्षा और विदेश नीति को भी विफल बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा इतनी महंगी कर दी गई है कि आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गई है। विदेश नीति में लगातार असफलताएं देखने को मिल रही हैं। सम्मेलन में फरबानी सरकार (कार्यालय सचिव), आशा शर्मा (राज्य प्रभारी), और सीकर से सांसद अमराराम भी मौजूद रहेंगे।