बीबीएन, नेटवर्क, 18 अगस्त। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सोमवार सुबह सुरक्षाबलों पर बड़ा हमला हुआ। नक्सलियों द्वारा बिछाए गए शक्तिशाली IED विस्फोट में जिला रिज़र्व गार्ड (DRG) का एक जवान शहीद हो गया, जबकि तीन जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए। अचानक हुए धमाके से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, यह विस्फोट उस समय हुआ जब DRG और राज्य पुलिस की संयुक्त टीम बीते रविवार को चलाए गए नक्सल विरोधी अभियान के बाद इलाके से लौट रही थी। तभी नक्सलियों ने घात लगाकर रास्ते में लगाए गए इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) को विस्फोटित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहीद जवान की पहचान दिनेश नाग के रूप में हुई है। धमाके में घायल तीनों जवानों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के बाद बेहतर इलाज के लिए बाहर ले जाया जा रहा है। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
बीजापुर और आसपास का इलाका लंबे समय से नक्सल गतिविधियों का गढ़ माना जाता है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि यह हमला सुरक्षाबलों की बढ़ती दबिश और हालिया ऑपरेशनों की प्रतिक्रिया के रूप में किया गया है।
—



