बीबीएन, बीकानेर,19 अगस्त। सूबे के श्रीगंगानगर में साइबर अपराधियों ने भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर को जाल में फंसाकर करोड़ों रुपये हड़प लिए। शेयर मार्केट में निवेश से मुनाफा कमाने का लालच दिखाकर सूरतगढ़ एयरबेस में तैनात अधिकारी से 1.12 करोड़ रुपये की ठगी की गई। मामला सामने आने के बाद पीड़ित ने साइबर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
यूं फंसे विंग कमांडर रोबिन
श्रीगंगानगर निवासी और सूरतगढ़ एयरफोर्स स्टेशन पर तैनात विंग कमांडर रोबिन शेयर बाज़ार में निवेश सीखने के बहाने साइबर ठगों के जाल में फंस गए। आरोपियों ने उन्हें “SHOONYA GROWTH CLUB” नामक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर ट्रेडिंग टिप्स देने का झांसा दिया। बाद में उनसे “Shoona XHNI” नामक मोबाइल एप डाउनलोड करवाई गई और अलग-अलग खातों में लगभग 1 करोड़ 11 लाख 82 हजार 500 रुपये RTGS के माध्यम से ट्रांसफर करवा लिए।
13 अगस्त को पीड़ित को एक संदिग्ध ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें बताया गया कि इस ऐप से जुड़ी फर्जी डिजिटल पहचानें सामने आई हैं। इसके बाद विंग कमांडर को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन व थाना पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस जांच जारी
जांच अधिकारी इंस्पेक्टर रमेश कुमार ने बताया कि जिन बैंक खातों में रकम जमा कराई गई थी, उन्हें सीज कर दिया गया है। फिलहाल साइबर तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे लालच में आकर किसी भी अज्ञात लिंक, ऐप या ग्रुप से निवेश न करें और अपनी मेहनत की कमाई सुरक्षित रखें।
—


