बीबीएन, नेटवर्क, 21 अगस्त। राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर में सेना की खुफिया इकाई (एमआई) ने एक युवक को संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में हिरासत में लिया है। बाद में उसे कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान 30 वर्षीय जीवन खान, निवासी संकड़ा क्षेत्र, के रूप में हुई है। बताया गया कि जीवन खान पहले जैसलमेर सैन्य क्षेत्र में स्थित एक रेस्टोरेंट में काम कर चुका है। मंगलवार (19 अगस्त) को वह पुनः सेना स्टेशन में घुसने का प्रयास कर रहा था, तभी सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोक लिया।
जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। इसके बाद सैन्य खुफिया ने उसे हिरासत में लेकर पुलिस को सौंप दिया। प्राथमिक पूछताछ में उसने पाकिस्तान में रिश्तेदार होने की बात स्वीकार की है।
अधिकारियों के अनुसार, अब उसे संयुक्त पूछताछ केंद्र (Joint Interrogation Centre) में पेश किया जाएगा, जहां विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां उससे विस्तृत पूछताछ करेंगी।
गौरतलब है कि जैसलमेर में यह चौथा जासूसी का मामला है। हाल ही में 13 अगस्त को चंदन फील्ड फायरिंग रेंज के पास डीआरडीओ गेस्ट हाउस में कार्यरत एक अनुबंध कर्मी को भी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से संपर्क रखने और संवेदनशील जानकारी साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
—


