बीबीएन, नेटवर्क,22 अगस्त। चंफाई (मिजोरम)। असम राइफल्स ने मिजोरम के ज़ोखावथर इलाके में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नशीली दवाएँ जब्त की हैं। सीमा क्षेत्र के क्रॉसिंग प्वाइंट-3 पर की गई इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने 3.33 किलो (करीब 30,300 टैबलेट) मेथाम्फेटामाइन और 190.90 ग्राम हेरोइन नंबर-4 पकड़ी है। बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में अनुमानित कीमत लगभग 10.74 करोड़ रुपये आँकी गई है।
कार्रवाई के दौरान एक केनबो बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। असम राइफल्स के अधिकारियों ने ज़ब्त माल को आगे की जांच हेतु उत्पाद एवं नारकोटिक्स विभाग, चंफाई को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि यह खेप म्यांमार से भारत में तस्करी कर लाई जा रही थी।
सुरक्षा बलों का कहना है कि सीमावर्ती इलाक़ों में मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए अभियान लगातार तेज़ किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने की कोशिशें जारी हैं।
—

