बीबीएन, नेटवर्क, 30 अगस्त। पूर्वी वायु कमान (EAC) मुख्यालय में जारी वार्षिक सम्मेलन के दौरान वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने सीमा सुरक्षा और भविष्य की चुनौतियों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पूर्वी वायु कमान उत्तरी और पूर्वी सीमाओं की रक्षा में केंद्रीय भूमिका निभा रही है। ऐसे में सतत् सतर्कता और उच्चस्तरीय तैयारियां हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
सम्मेलन में वायुसेना प्रमुख ने साफ कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य और क्षेत्रीय हालात को देखते हुए तीनों सेनाओं के बीच तालमेल और समन्वय और भी महत्वपूर्ण हो गया है। उनके अनुसार भविष्य की परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए संयुक्त प्रयास ही सफलता की गारंटी हैं।
ईएसी का वार्षिक सम्मेलन 27 से 30 अगस्त तक शिलांग में हो रहा है। एयर चीफ मार्शल एपी सिंह 28 और 29 अगस्त को विमर्श सत्रों में शामिल हुए। इस अवसर पर एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल सूरत सिंह ने उनका स्वागत किया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।
वायुसेना प्रमुख ने परिचालन, रखरखाव और प्रशासनिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्टेशनों को ट्रॉफी भी प्रदान की। साथ ही उन्होंने अपर शिलांग स्थित एयर फोर्स स्कूल, केंद्रीय विद्यालय और उम्मीद विद्या किरण स्कूल के विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें प्रेरित किया।
—




