साइक्लोन का रंग, कई राज्यों में बारिश और अलर्ट जारी
बीबीएन, नेटवर्क, 29 अक्टूबर। अरब सागर से उठे साइक्लोन मोंथा ने देश के मौसम को पूरी तरह बदल दिया है। दक्षिण से लेकर उत्तर तक आसमान का रंग बदला है और हवाओं में ठंड घुलने लगी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कई राज्यों में भारी बारिश और तेज़ हवाओं की चेतावनी दी है।
बुधवार और गुरुवार को देश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के तटीय क्षेत्रों में समुद्र उफान पर है, जबकि दिल्ली-एनसीआर में सुबह-शाम ठंडी हवाओं ने सर्दी का अहसास बढ़ा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे साइक्लोन मोंथा के सबसे सक्रिय रहने वाले होंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में तेज़ आंधी के साथ भारी बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
आंध्र प्रदेश में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। विजयनगरम, विशाखापत्तनम, अनकापल्ली, काकीनाडा, यनम, डॉ. बी.आर. अंबेडकर कोनासीमा और पश्चिम गोदावरी जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। अधिकारियों को चौबीसों घंटे निगरानी रखने और राहत दलों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं तमिलनाडु में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। चेन्नई, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, तिरुवल्लूर, रानीपेट, तिरुवन्नामलाई और विल्लुपुरम जिलों में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश और तेज़ हवाओं की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि जैसे-जैसे तूफान भीतर की ओर बढ़ेगा, उसके प्रभाव से कई राज्यों में मौसम का रुख पूरी तरह बदल सकता है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों, खासकर दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी बादल घिरे हैं और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि साइक्लोन मोंथा के कारण यह मौसमी बदलाव आने वाले हफ्ते की ठंड का संकेत है।
—


