🔴 रक्षा साझेदारी में नया अध्याय
बीबीएन, नेटवर्क। भारत और इज़राइल के बीच रक्षा क्षेत्र में गहराई तक जुड़ाव की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग पर संयुक्त कार्य समूह (JWG) की 17वीं बैठक मंगलवार को तेल अवीव में आयोजित हुई। बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और इज़राइल रक्षा मंत्रालय के महानिदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) अमीर बारम ने की। बैठक के दौरान दोनों देशों ने रक्षा सहयोग को नई ऊर्जा देने वाले समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। यह एमओयू रक्षा संबंधों को रणनीतिक, तकनीकी और औद्योगिक स्तर पर और मजबूत बनाने की दिशा तय करेगा।
इस समझौते में सहयोग के लिए जिन प्रमुख क्षेत्रों की पहचान की गई है, उनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), साइबर सुरक्षा, रक्षा तकनीक, अनुसंधान एवं विकास, प्रशिक्षण और संयुक्त उत्पादन जैसे क्षेत्र शामिल हैं। दोनों देशों ने इस बात पर सहमति जताई कि उन्नत तकनीकों के आदान-प्रदान और सह-विकास से रक्षा उद्योग को दीर्घकालिक मजबूती मिलेगी।
संयुक्त कार्य समूह ने अब तक के सहयोग की विस्तृत समीक्षा करते हुए माना कि भारत और इज़राइल ने एक-दूसरे की विशेषज्ञता से महत्वपूर्ण अनुभव हासिल किया है। साथ ही, बैठक में आतंकवाद के साझा खतरे पर भी गहन चर्चा की गई और दोनों देशों ने इसे मिलकर मुकाबला करने के अपने संकल्प को दोहराया।
यह बैठक न केवल दो देशों के बीच रक्षा साझेदारी को नई ऊंचाई देती है, बल्कि क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर सुरक्षा सहयोग की नई परिभाषा भी गढ़ती है।
—



