🟠 भारत-पाक सीमा पर दो महीने में दूसरी बड़ी घुसपैठ
बीबीएन, नेटवर्क| सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने एक पाकिस्तानी प्रेमी जोड़े को हिरासत में लेकर स्थानीय पुलिस को सौंप दिया। अधिकारियों के मुताबिक, 24 वर्षीय युवक और 20 वर्षीया युवती दोनों पाकिस्तान के रहने वाले हैं। प्रतिबंधित इलाक़े को पार कर रापर तालुका के कुडा गाँव तक पहुँच गए थे। मामला गुजरात के कच्छ ज़िले के सरहदी क्षेत्र का है।
मामले से जुड़े स्थानीय सूत्रों ने बताया कि दोनों को प्रसिद्ध पुरातात्विक स्थल इंडस वैली साइट के नजदीक संदिग्ध गतिविधियों के दौरान पकड़ा गया। प्रारंभिक पूछताछ में संकेत मिले हैं कि युवक-युवती पहले से योजना बनाकर सीमा तक पहुँचे और पिछले मामलों से प्रेरित होकर भारत में प्रवेश किया।
सूत्रों का कहना है कि सुरक्षा एजेंसियाँ यह पता लगाने में जुटी हैं कि जोड़ा किस रास्ते से आया और क्या उन्हें किसी स्थानीय संपर्क या अनौपचारिक चैनल से मदद मिली। जांच टीमें सीमा पर संभावित नए रूटों की भी पड़ताल कर रही हैं। इससे पहले 8 अक्टूबर को एक अन्य पाकिस्तानी प्रेमी जोड़ा, जिसने सामाजिक विरोध के कारण देश छोड़ने का दावा किया था, भी कच्छ की ही सीमा पार करते हुए पकड़ा गया था। उस मामले में 40 दिनों की पूछताछ के बाद उन्हें विदेशी नागरिक अधिनियम और पासपोर्ट अधिनियम के तहत मुक़दमे का सामना करना पड़ा था।
नए मामले के सामने आते ही BSF, स्थानीय पुलिस और संयुक्त पूछताछ केंद्र की टीमें सतर्क मोड में हैं। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि दोहराई गई ऐसी घटनाएँ सीमा सुरक्षा व्यवस्था के संवेदनशील बिंदुओं पर नए सवाल खड़े करती हैं।
—



