बीबीएन,बीकानेर। पुष्करणा समाज की आगामी सामूहिक शादियों से पहले, पुष्करणा महिला मंडल ने एक सराहनीय पहल करते हुए 55 जरूरतमंद कन्याओं को पारंपरिक ‘खिरोड़ा’ सामग्री का निःशुल्क वितरण किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को उनकी बेटियों के विवाह के समय होने वाले खर्च में सहयोग देना था। वितरित की गई सामग्री में चावल, दाल, चीनी, पापड़, बड़ी जैसे राशन के अलावा दूध के लिए कलश, साड़ियां, श्रृंगार सामग्री और सगुन के तौर पर नारियल शामिल थे। कार्यक्रम में मंडल की अध्यक्ष शारदा पुरोहित सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहीं।
महिला मंडल ने इस पहल के जरिए पुष्करणा समाज की उस पुरानी परंपरा को पुनर्जीवित किया है, जिसमें कन्या पक्ष द्वारा विवाह के अवसर पर वर पक्ष के घर जाकर बर्तनों व अन्य घरेलू सामग्री से ‘खिरोड़ा’ भरने की रीत है। सचिव सुनेका हर्ष ने बताया कि इसी परंपरा को ध्यान में रखकर गरीब परिवारों की बेटियों को यह सहायता प्रदान की गई, ताकि उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की शुरुआत में आर्थिक बोझ कम हो सके।
कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित सभी कन्याओं का तिलक कर उन्हें साड़ी भेंट कर आशीर्वाद दिया गया। इस अवसर पर मंडल की संरक्षक अर्चना थानवी, कोषाध्यक्ष इंदु हर्ष, डॉ. विजय लक्ष्मी व्यास, इंदु पुरोहित, राजकुमारी व्यास, तरुणा पुरोहित, मीनाक्षी हर्ष, पिंकी पुरोहित सहित दर्जनों गणमान्य महिलाएं मौजूद रहीं। यह पहल सामाजिक सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करने वाली एक अनूठी मिसाल साबित हुई है।
—


