बीबीएन, बीकानेर। जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ़ राजस्थान (जार) की बीकानेर जिला इकाई का शपथ ग्रहण समारोह रानी बाजार स्थित जिला उद्योग संघ सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय कानून एवं विधि मंत्री अर्जुन राम ने नवगठित कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। समारोह में नव नियुक्त जिला अध्यक्ष प्रमोद आचार्य, महासचिव रवि पुगलिया, कोषाध्यक्ष रमेश बिस्सा और संभागीय सचिव पवन भोजक सहित पूरी टीम ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पत्रकारों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन
अपने संबोधन में अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि पत्रकारों से जुड़ी समस्याओं और लंबित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा। उन्होंने पात्र पत्रकारों को सरकारी योजनाओं के अंतर्गत भूखंड उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही उन्होंने पत्रकारों को आगामी मानसून सत्र के दौरान दिल्ली भ्रमण के लिए आमंत्रित करते हुए संवाद और अनुभव साझा करने पर बल दिया।
जार ब्रोशर का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान जार की गतिविधियों पर आधारित एक स्मारिका ब्रोशर का भी विमोचन किया गया। “जार जुट” नामक इस प्रकाशन में पिछले दो दशकों में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों का विवरण और छायाचित्र शामिल किए गए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष श्याम मारु का अभिनंदन
समारोह में जार के प्रदेश अध्यक्ष श्याम मारू का शब्दाभिषेक कर सम्मान किया गया। जिला अध्यक्ष प्रमोद आचार्य द्वारा वाचन किए गए अभिनंदन पत्र में उनके 25 वर्षों के योगदान को रेखांकित किया गया। उन्हें साफा, माला और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
कई गणमान्य व्यक्तियों ने रखे विचार
कार्यक्रम में चिकित्सा, उद्योग, पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े वक्ताओं ने अपने विचार रखे। प्रमुख वक्ताओं में डॉ. पवन सिंघल, नोपाराम जाखड़, बाबूलाल बिश्नोई, द्वारका प्रसाद पचीसिया, भवानी जोशी, श्याम मारु, राजेश चुरा, सुमति कुमार सुराणा, सत्य प्रकाश आचार्य और बाला माथुर शामिल रहे।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे पत्रकार और गणमान्य
समारोह में विभिन्न सामाजिक संगठनों, पत्रकार संगठनों और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े अनेक लोग उपस्थित रहे। आयोजन का संचालन उद्घोषक रविंद्र हर्ष ने किया।





