बीबीएन, नेटवर्क। राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समरसता और युवाओं में देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आर्मी पब्लिक स्कूल, जयपुर के 13 विद्यार्थियों का दल शनिवार को जम्मू एवं कश्मीर के अग्रिम क्षेत्रों के लिए रवाना हुआ। 10 मई से 16 मई 2026 तक चलने वाले इस विशेष “रिवर्स नेशनल इंटीग्रेशन टूर” का आयोजन मुख्यालय दक्षिण पश्चिमी कमान के तत्वावधान में तथा उत्तरी कमान की “ऐस ऑफ स्पेड्स डिवीजन” के समन्वय से किया जा रहा है।
यह पहल युवाओं को सीमांत क्षेत्रों के सामाजिक जीवन, सैन्य वातावरण और स्थानीय संस्कृति से परिचित कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को जम्मू-कश्मीर के लोगों के साहस, संघर्ष और देश के प्रति समर्पण को निकट से समझने का अवसर मिलेगा। दल को सप्त शक्ति कमान के एमजी एओसी ने आर्मी पब्लिक स्कूल, जयपुर परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि इस भ्रमण से युवा पीढ़ी को देश की विविधता, सीमावर्ती क्षेत्रों की चुनौतियों और भारतीय सेना की भूमिका को समझने का महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त होगा।
सेना अधिकारियों ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यह यात्रा केवल शैक्षणिक भ्रमण नहीं, बल्कि राष्ट्र के विभिन्न हिस्सों को भावनात्मक रूप से जोड़ने का एक प्रयास है। जम्मू-कश्मीर की संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय नागरिकों के जीवन को निकट से जानना विद्यार्थियों के दृष्टिकोण को व्यापक बनाएगा। भारतीय सेना की ओर से संचालित यह पहल युवाओं के साथ सतत संवाद और राष्ट्रीय एकीकरण की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। सेना का मानना है कि ऐसे कार्यक्रम “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” की अवधारणा को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाते हैं।
रक्षा जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन के अनुसार, इस दौरे के दौरान विद्यार्थियों को सैन्य प्रतिष्ठानों, सीमांत क्षेत्रों और स्थानीय समुदायों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों से भी अवगत कराया जाएगा, जिससे उनमें राष्ट्र सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित हो सके।



