
सौराष्ट्र को मिल सकती है बड़ी हिस्सेदारी, भूपेंद्र सरकार में 27 मंत्री होंगे शामिल
बीबीएन, नेटवर्क,17 अक्टूबर | गुजरात की राजनीति में आज सुबह एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल अपने नए मंत्रिमंडल का गठन करेंगे। सुबह 11 बजे गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
बीते गुरुवार को मुख्यमंत्री को छोड़कर पूरी कैबिनेट ने एक साथ इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया था। राजनीतिक गलियारों में इसे भारतीय जनता पार्टी की 2027 विधानसभा चुनावों के लिए शुरुआती रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी अपने संगठन और सत्ता दोनों स्तरों पर नई ऊर्जा का संचार चाहती है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की नई टीम में 27 सदस्य शामिल किए जा सकते हैं। इस बार मंत्रिमंडल में सौराष्ट्र क्षेत्र को अधिक प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि आम आदमी पार्टी का प्रभाव वहां लगातार बढ़ रहा है। जयेश रादडिया और जीतू वघानी जैसे नेताओं को भी मंत्री पद मिल सकता है।
सूत्र बताते हैं कि त्यागपत्र देने वाले कुछ वरिष्ठ मंत्रियों को दोबारा मौका दिया जा सकता है। वहीं, मांडवी-कच्छ से अनिरुद्ध दवे, चोर्यासी से संदीप देसाई, लिंबायत से संगीता पाटिल और नडियाद से पंकज देसाई को भी नई कैबिनेट में जगह मिलने की अटकलें हैं इसके साथ ही, कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए अल्पेश ठाकोर, हार्दिक पटेल और सी. जे. चावड़ा जैसे चेहरे भी नए मंत्रिमंडल में शपथ ले सकते हैं। राजनीतिक विश्लेषक इसे सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश के रूप में देख रहे हैं।
—