
बीकानेर में दीपोत्सव: परंपरा, संस्कृति और आधुनिकता का संगम
बीबीएन,बीकानेर, 5 अक्टूबर। रोशनी, उमंग और उल्लास का पर्व दीपावली इस बार बीकानेर में एक नए स्वरूप और सांस्कृतिक रंग-रूप के साथ मनाया जाएगा। एडिटर एसोसिएशन ऑफ न्यूज पोर्टल्स बीकानेर और रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स के संयुक्त तत्वावधान में 16 से 18 अक्टूबर तक रोटरी भवन, पंचशती सर्किल, सादुलगंज में तीन दिवसीय “दीपोत्सव-2025” का आयोजन किया जा रहा है।
तीन दिनों तक चलने वाले इस दीपोत्सव में खरीददारी, सम्मान समारोह और मनोरंजन के कार्यक्रमों की त्रिवेणी देखने को मिलेगी। आयोजकों के अनुसार यह महोत्सव केवल बाजार या मेला नहीं होगा, बल्कि संस्कृति, साहित्य, सेवा और सम्मान की अनूठी छटा बिखेरेगा। उद्देश्य है कि हर वर्ग अपने अंदाज़ में दीपावली का उत्सव मना सके।
रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स के अध्यक्ष सुनील चमड़िया ने बताया कि रोटरी भवन परिसर में 35 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां हस्तशिल्प, गृह उपयोगी वस्तुएं, परिधान, गिफ्ट आइटम्स और दीपावली से जुड़ी विविध सामग्री उपलब्ध रहेगी। आयोजन स्थल पर एसी और नॉन-एसी दोनों प्रकार की व्यवस्था होगी। इसके अलावा, हर दिन तीन विशेष मंचीय आयोजन होंगे, यानी तीन दिनों में कुल नौ मंच कार्यक्रम उत्सव का उल्लास फैलाएंगे।
एडिटर एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद आचार्य ने बताया कि इस दीपोत्सव की विविधता इसे विशेष बनाएगी। सेवाभावी संस्थाओं का सम्मान, धन्वंतरि दिवस पर चिकित्सकों का अभिनंदन, शास्त्र और रामायण पर विद्वानों का विचार-विमर्श, रंगोली, मेहंदी, ड्रेस प्रतियोगिताएं, बेबी शो और ओपन माइक मंच जैसी गतिविधियां इसे सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान प्रदान करेंगी। रोटरी रॉयल्स के सचिव इंजी. विपिन लड्डा ने बताया कि डिजिटल युग की धड़कन भी इस आयोजन में शामिल होगी। बीकानेर के प्रभावशाली डिजिटल क्रिएटर्स और इन्फ्लूएंसर्स को विशेष अवॉर्ड सेरेमनी में सम्मानित किया जाएगा। साथ ही पत्रकारों और मीडिया कर्मियों के लिए एक विशेष सत्र भी आयोजित होगा।
एडिटर एसोसिएशन के सचिव विनय थानवी ने कहा कि दीपोत्सव में शहर के विशिष्ट अतिथि भी शामिल होंगे। यह आयोजन बीकानेरवासियों के लिए दीपावली पर न केवल खरीददारी और मनोरंजन का आकर्षण बनेगा, बल्कि समाज, संस्कृति और सेवा का संगम प्रस्तुत करेगा। दीपोत्सव में स्टॉल लगाने के इच्छुक लोग 9783663788 पर संपर्क कर सकते हैं।
—