
बीबीएन, नेटवर्क,21 अगस्त। फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) को भारत से बड़ी सफलता हाथ लगी है। एजेंसी की ‘मोस्ट वांटेड टॉप-10’ सूची में शामिल सिंडी रॉड्रिगेज़ सिंह को भारतीय अधिकारियों की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया। सिंह पर अपने छह वर्षीय बेटे की हत्या का गंभीर आरोप है। यह मामला 2023 में उजागर हुआ था।
एफबीआई प्रमुख काश पटेल ने इस गिरफ्तारी को “दो देशों के बीच बेहतरीन सहयोग” बताते हुए भारतीय एजेंसियों की सराहना की। उनके अनुसार, “टेक्सास से लेकर दिल्ली तक, जांच और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में साझेदारी अहम भूमिका निभा रही है।”
हत्या और फरारी का आरोप
सिंह के खिलाफ 10 साल से कम उम्र के बच्चे की हत्या के मामले में टेक्सास राज्य का वारंट पहले से जारी था। जांच में सामने आया कि उसका बेटा अक्टूबर 2022 से लापता था। मार्च 2023 में मामला खुला, जब टेक्सास डिपार्टमेंट ऑफ फैमिली एंड प्रोटेक्टिव सर्विसेज की टीम ने बच्चे की जानकारी जुटानी चाही। इसी दौरान खुलासा हुआ कि बच्चा लंबे समय से दिखाई ही नहीं दिया।
भारत में छिपी मिली
मामले के उजागर होने के बाद 22 मार्च 2023 को सिंह अपने पति और छह अन्य बच्चों के साथ भारत भाग आई। जब जांचकर्ताओं को पता चला कि गायब बच्चा फ्लाइट में नहीं था, तो जुलाई 2023 में सिंह को भगोड़ों की सूची में डाल दिया गया। इंटरपोल ने 2 अक्टूबर 2024 को सिंह के खिलाफ रेड नोटिस जारी किया। इसके बाद भारत सरकार को प्रत्यर्पण से जुड़े दस्तावेज सौंपे गए और अंततः उसे दबोच लिया गया।
बच्चे की सेहत को लेकर कई सवाल
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतक बच्चे को कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएँ थीं। इनमें डेवलपमेंटल डिसऑर्डर, पल्मोनरी एडिमा, बोन डेंसिटी की कमी और अस्थमा जैसी परेशानियाँ शामिल थीं। जांच के दौरान यह भी पता चला कि नवंबर 2022 में बच्चा अपने पिता के साथ मैक्सिको में था और इसके बाद से वह फिर कभी देखा नहीं गया। इस गिरफ्तारी के साथ एफबीआई और भारतीय जांच एजेंसियों ने एक लंबे समय से चल रही तलाश को अंजाम तक पहुँचा दिया।
—