
बीबीएन, नेटवर्क। राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमतों ने नया इतिहास रच दिया। थोक खरीदारों की जोरदार मांग और वैश्विक स्तर पर बढ़ती अनिश्चितताओं के बीच पीली धातु ₹800 की छलांग के साथ ₹1,03,420 प्रति 10 ग्राम के अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गई।
ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, गुरुवार को भी सोना ₹3,600 महंगा होकर ₹1,02,620 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। महज पांच कारोबारी सत्रों में सोना ₹5,800 प्रति 10 ग्राम महंगा हो चुका है। 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना शुक्रवार को ₹1,03,420 और 99.5 फीसदी शुद्धता वाला सोना ₹1,03,000 प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) पर बिक रहा है, जो गुरुवार के ₹1,02,200 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ गया।
अमेरिकी टैरिफ से बढ़ी ‘सेफ हेवन’ डिमांड
Abans Financial Services के सीईओ चिंतन मेहता ने बताया कि अमेरिका द्वारा स्विट्जरलैंड से आयातित सोने की छड़ों पर 39 फीसदी टैरिफ लगाने से वैश्विक सप्लाई चेन पर असर पड़ा है। स्विट्जरलैंड, जो दुनिया के सबसे बड़े सोना परिशोधन केंद्रों में से एक है, वहां से आपूर्ति प्रभावित होने पर निवेशकों ने सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की ओर रुख किया है। कर छूट समाप्त होने के बाद ‘सेफ हेवन’ मांग और तेज हो गई है।
चांदी भी चमकी, ₹1,15,000 प्रति किलो
सोने की तरह चांदी ने भी रिकॉर्ड ऊंचाई छू ली। शुक्रवार को चांदी ₹1,000 की तेजी के साथ ₹1,15,000 प्रति किलो (सभी कर सहित) पर पहुंच गई। पिछले पांच कारोबारी सत्रों में चांदी की कीमत में ₹5,500 प्रति किलो की बढ़ोतरी दर्ज हुई है।