
आजादी के जश्न में रंगा धोरों का शहर
बीबीएन,बीकानेर, 15 अगस्त। जिलेभर में 79वां स्वतंत्रता दिवस बुधवार को पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य आयोजन डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में हुआ, जहां खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड का निरीक्षण किया और मार्चपास्ट की सलामी ली।
मार्चपास्ट में एकता और अनुशासन की झलक
कुल 14 दलों ने कदमताल करते हुए अनुशासन, एकता और वीरता का संदेश दिया। इनमें आरएसी की तीसरी व दसवीं बटालियन, राजस्थान पुलिस की महिला और पुरुष टुकड़ियां, बॉर्डर होमगार्ड, अर्बन होमगार्ड, एनसीसी (सात राज. बटालियन) के छात्र-छात्रा विंग, महारानी कॉलेज, स्टूडेंट पुलिस कैडेट्स, बीबीएस स्कूल, सोफिया स्कूल, स्काउट-गाइड कैडेट्स शामिल थे।
नेतृत्व आरआई सुश्री कविता पूनिया ने किया। इस दौरान पुलिस और आरएसी बैंड की मधुर धुनों ने माहौल को रोमांचित कर दिया।
‘विकसित भारत का सपना साकार’
गोदारा ने कहा, “आज हमारा देश दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और 4 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के साथ आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत, विकसित राजस्थान और विकसित बीकानेर का सपना जल्द साकार होगा।”
उन्होंने राइजिंग राजस्थान के अंतर्गत हुए निवेश, औद्योगिक प्रगति, जल जीवन मिशन से हर घर में पेयजल पहुंचाने, नहर के माध्यम से आर्थिक समृद्धि और शिक्षा में हुई प्रगति का उल्लेख किया।
मंत्री ने कहा, “दुनिया की कोई ताकत हमें आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती। ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया, नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका है और देश में शांति का माहौल है।”
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखा राजस्थान की रंगत
मुख्य समारोह में घोष वादन, व्यायाम, योग, ‘भारतीयम’, विशेष बच्चों का प्रदर्शन, सामूहिक गीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां हुईं। इसमें जिले के 40 से अधिक विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लिया। समन्वय उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) अनिल बोड़ा और राजकुमार पुरोहित ने किया।
सम्मान और पुरस्कार
एनसीसी 7 राज गर्ल्स टुकड़ी को सर्वश्रेष्ठ मार्चपास्ट का पुरस्कार दिया गया। नगर निगम ने आगंतुकों को ‘प्लांटेबल किट’ भेंट की।
गरिमामय उपस्थिति
मौके पर संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, आईजी हेमंत शर्मा, जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि, एसपी कावेन्द्र सिंह सागर, नगर निगम आयुक्त मयंक मनीष, बीडीए आयुक्त अपर्णा गुप्ता, जिला परिषद सीईओ सोहनलाल, आईएएस सुश्री स्वाति शर्मा, सुश्री महिमा कसाना सहित तमाम प्रशासनिक, पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक और नागरिक मौजूद रहे। मंच संचालन वरिष्ठ उद्घोषक संजय पुरोहित और डॉ. संतोष शेखावत ने किया।
—
—