
बीबीएन,बीकानेर, 8 अगस्त । राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षक दीपक जोशी की पुस्तक ‘111 कांसेप्ट ऑफ साइंस’ का विमोचन कांसेप्ट इंस्टीट्यूट के ऑडिटोरियम में किया गया। कक्षा 8 से 10 के विद्यार्थियों के लिए तैयार इस पुस्तक में पाठ्यक्रम से संबंधित 111 गतिविधियां शामिल हैं।
यह पुस्तक गतिविधि आधारित शिक्षण, अनुभवात्मक अधिगम और दैनिक जीवन से जुड़े विज्ञान प्रयोगों पर केंद्रित है। हिंदी और अंग्रेजी, दोनों माध्यम में प्रकाशित इस पुस्तक की प्रतियां राजकीय हिंदी एवं महात्मा गांधी विद्यालय के सभी विज्ञान शिक्षकों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसे कांसेप्ट इंस्टीट्यूट, बीकानेर ने प्रायोजित किया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संयुक्त निदेशक महेंद्र कुमार शर्मा थे। विशिष्ट अतिथियों में उपनिदेशक सुनीता चावला, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. रामगोपाल शर्मा, स्टाफ ऑफिसर डॉ. अशोक कुमार शर्मा, उप जिला शिक्षाधिकारी अनिल बोड़ा और नया शहर थाना प्रभारी विक्रम तिवारी शामिल थे।
अपने संबोधन में अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा, विज्ञान और नवाचार के लिए प्रेरित किया। दीपक जोशी ने कहा कि यह पुस्तक विज्ञान के जटिल सिद्धांतों को सरल बनाने के साथ अंधविश्वास दूर करने में भी मदद करेगी। कार्यक्रम के अंत में कांसेप्ट इंस्टीट्यूट के निदेशक भूपिंदर मिड्ढा ने सभी का आभार व्यक्त किया।
—