
बीबीएन, नेटवर्क, 1 सितंबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पथ संचलन के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। समुदाय विशेष के कुछ लोगों ने संचलन मार्ग पर आपत्ति जताते हुए आरएसएस कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस कारण बारां में कुछ देर के लिए क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
स्थिति बिगड़ते देख जिला प्रशासन हरकत में आया। एसपी अभिषेक अन्दासु और कलेक्टर राहिताश सिंह तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर हालात काबू में किए। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद पथ संचलन को निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ने की अनुमति दी गई।
इस दौरान पुलिस ने एहतियातन शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च भी निकाला। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी धार्मिक या सामाजिक संगठन की गतिविधि में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और किसी को भी इसे बाधित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
आरएसएस कार्यकर्ताओं का कहना है कि कार्यक्रम और उसके मार्ग की सूचना प्रशासन को पहले ही दे दी गई थी। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने दावा किया कि स्थिति अब पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण है।
—