बीबीएन, नेटवर्क | राजस्थान के बाड़मेर जिले के चौहटन क्षेत्र में शनिवार को हुए एक सड़क हादसे में भारतीय सेना की त्वरित और समन्वित कार्रवाई से बड़ा अनहोनी टल गई। एक निजी स्कूल की बस, जिसमें करीब 30 बच्चे सवार थे, पिकअप वाहन से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कुछ बच्चों को हल्की चोटें आईं, लेकिन समय रहते सेना की मेडिकल टीम के मौके पर पहुंचने से सभी बच्चों को सुरक्षित उपचार मिल सका।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में तैनात गोल्डन कटार डिविजन के अंतर्गत कोणार्क कोर की मेडिकल टीम ने बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। बस में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, प्राथमिक उपचार दिया गया और मौके पर ही प्रारंभिक चिकित्सकीय जांच पूरी की गई। इसके बाद सभी बच्चों को सुरक्षित रूप से स्कूल प्रबंधन के हवाले कर दिया गया।
इस त्वरित मानवीय पहल ने न केवल बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय सेना आपदा की हर घड़ी में नागरिकों के साथ खड़ी रहती है। स्थानीय स्तर पर सेना की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है और इसे अनुकरणीय बताया गया है।
—


